
अयोध्या – पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा सनेथू में सरकारी चक मार्ग पर दबंगों द्वारा जबरन अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यह मार्ग लगभग 10 वर्ष पूर्व मिट्टी डालकर बनाया गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा हो सके। बावजूद इसके, गांव के ही दबंग संतोष यादव व अन्य लोग जबरदस्ती निर्माण कार्य करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता पूरे गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन अवैध कब्जे के चलते आवागमन बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने उन्हें धमकाया। क्षेत्रीय पुलिस प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही अवैध निर्माण को नहीं रोका गया तो कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। पीड़ित ग्रामीणों ने पूरा कलंदर थाना व गंजआ चौकी पुलिस से अवैध निर्माण को रुकवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
