गिरिडीह: नगर थाना प्रभारी पर छात्र नेता व पीड़ित परिजनों से दुर्व्यवहार का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घायल छात्र का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे छात्र प्रतिनिधियों और पीड़ित परिवार के सदस्यों ने नगर थाना प्रभारी पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
आजसू छात्र संघ के जिला अध्यक्ष अक्षय यादव ने बताया कि वे कथित मारपीट में घायल छात्र की स्थिति जानने और पीड़ित परिवार से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान मौजूद नगर थाना प्रभारी ने छात्र प्रतिनिधियों एवं पीड़ित के परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किया और कथित तौर पर वर्दी का रौब दिखाते हुए उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया।
अक्षय यादव ने कहा कि एक छात्र प्रतिनिधि के तौर पर किसी पीड़ित छात्र की मदद करना और उसका हालचाल जानना उनका सामाजिक दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन का इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि छात्र संघ किसी भी प्रकार के दबाव के आगे नहीं झुकेगा और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
घटना के बाद आजसू छात्र संघ और पीड़ित परिवार ने झारखंड सरकार तथा गिरिडीह जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर मामले की सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की गई है।
अब यह मामला छात्र राजनीति और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद का रूप लेता दिख रहा है। हालांकि, आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
