
जमुआ (गिरिडीह): हीरोडीह थाना क्षेत्र के फतहा पंचायत अंतर्गत कुरूमडीहा गांव में 19 वर्षीय विवाहिता रज़िया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके ससुराल स्थित घर में मिलने के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की मां और चाचा का कहना है कि रज़िया की हत्या कर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद मृतका का पति अफजल अंसारी (पिता–अबुल अंसारी) घर से फरार बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में हीरोडीह पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत हत्या के कारण हुई है या आत्महत्या से। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
