
गिरिडीह में दिल दहला देने वाली घटना, पिता ने तीन बेटियों की गला रेतकर की हत्या
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरकडीहा गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव निवासी नंदकिशोर यादव ने अपनी तीन मासूम पुत्रियों की कथित रूप से गला रेतकर हत्या कर दी।
मृत बच्चियों की पहचान पलबी कुमारी (12 वर्ष), रिद्धि कुमारी (7 वर्ष) एवं सिद्धि कुमारी (7 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता नंदकिशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
गिरिडीह से अजय चौरसिया की खास रिपोर्ट
