
इस दौरान मृतक इंद्रदेव यादव की पत्नी, उनके पांचों बच्चे तथा अन्य परिजन भी मौजूद थे। परिजनों ने एसपी को बताया कि घटना का मुख्य साजिशकर्ता अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और वह लगातार उन्हें इंद्रदेव यादव की तरह जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसके कारण पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव, माले के जमुआ प्रखंड सचिव एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य मनोवर हसन बंटी तथा राजद नेता ललन यादव ने एसपी को मामले की गंभीरता से अवगत कराते हुए सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
नेताओं ने कहा कि हत्यारों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अब भी मृतक के परिजनों को खुलेआम धमकी दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस को जल्द कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को सुरक्षा मिल सके।
मामले की जानकारी सुनने के बाद एसपी ने परिजनों और नेताओं को आश्वस्त किया कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तत्काल खोरीमहुआ एसडीपीओ और हीरोडीह थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश भी दिए।
मुलाकात के बाद नेताओं ने कहा कि उन्हें एसपी के आश्वासन पर भरोसा है, लेकिन यदि आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हुई तो इस मुद्दे को लेकर आगे आंदोलन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर अक्षय कुमार, बाली यादव, शंकर यादव, उपेंद्र यादव समेत कई लोग उपस्थित थे।

