
बिरनी I भरकट्टा आपी के अंतर्गत ग्राम बाराडीह निवासी 42 वर्षीय सुरेश रविदास, जो दोनों पैरों से 90 प्रतिशत दिव्यांग हैं, आज भी बैटरी चालित ट्राईसाइकिल अथवा दिव्यांग स्कूटी के लाभ से वंचित हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें आवागमन के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुरेश रविदास अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं तथा सरकार द्वारा संचालित दिव्यांग कल्याण योजनाओं की सभी अहर्ताएं पूर्ण करते हैं। इसके बावजूद अब तक उन्हें कोई सहायक साधन उपलब्ध नहीं कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बगोदर के माननीय विधायक नागेंद्र महतो द्वारा पूर्व में अनुशंसा किए जाने के कई माह बीत चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सुरेश रविदास निजी स्तर पर भी कोई साधन जुटाने में असमर्थ हैं, जिससे उनका जीवन अत्यंत कष्टमय हो गया है।
इधर मामले की जानकारी मिलते ही बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने जिला कल्याण पदाधिकारी को आवेदन देकर सुरेश रविदास को शीघ्र बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।
ग्रामीणों एवं समाजसेवियों ने जिला प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दिव्यांग सुरेश रविदास को जल्द से जल्द ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।
