
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा हिंदू नव वर्ष पर रविवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,बरगंडा के बच्चों की प्रभात फेरी निकली। प्रधानाचार्य आनंद कमल के नेतृत्व में परंपरागत घोष वादन के साथ यह प्रभात फेरी विद्यालय से निकलकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची।भारत माता की जय,वंदे मातरम,विद्या का संस्कृति से नाता जय जननी जय भारत माता आदि गगन भेदी नारों से नगर गुंजायमान रहा।मार्ग में नौनिहालों के स्वागत के लिए बरनवाल सेवा समिति,बरनवाल महिला समिति, निर्माण एजुकेशन एवं भाजपा नेता मनोज संगई की ओर से फ्रूट,माजा एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था एवं पुष्प वृष्टि की गई।सजे-धजे वाहन पर भारतमाता,सम्राट विक्रमादित्य और डॉ केशव बलिराम हेडगेवार की झांकी राहगीरों को आकर्षित कर रही थी।
प्रधानाचार्य आनंद कमल ने हिंदू नव वर्ष की शुभकामना देते हुए कहा कि हमारा नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होता है आज का यह शुभ दिन ऐतिहासिक महत्व और अध्यात्म से जुड़ा हुआ है।आज ही के दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी,वासंतिक नवरात्र का प्रारंभ दिवस,प्रभु श्रीराम एवं युधिष्ठिर का राज्याभिषेक, आरएसएस के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म दिवस आदि कई कारणों से इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।इस समय वसंत ऋतु के आरंभ पर चारों ओर उल्लास,उमंग,खुशी और फूलों की सुगंध से वातावरण सुवाषित हो जाता है।अतः हम सभी अपना नववर्ष इसी को धूमधाम से मनाएँ।प्रशासन की ओर से प्रभात फेरी में सुरक्षा हेतु पुलिस बल भी तैनात थे। अंत में विद्यालय में बच्चों को नव वर्ष के महत्व को बताया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में नलिन कुमार,राजेंद्र लाल बरनवाल,बिपिन सहाय,भूदेव बनर्जी,प्रमोद मंडल,मुकेश कुमार,राजेश नंदन एवं समस्त आचार्य दीदी का योगदान रहा।
