खेत-खेती और किसान से ही बचेगा देश – अग्रगामी किसान सभा।*
*बेंगाबाद में संपन्न हुआ अधिवेशन, 15 सदस्यीय राज्य कमिटी गठित।*
*15- 17 दिसंबर तक पटना में होगा 10 वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन।*
सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की खेती पूरी तरह से कंपनी और पूंजी की गुलाम हो गई है और खेत-खेती-किसान सभी बर्बादी की कगार पर खड़े हैं। इसके खिलाफ मजबूत किसान आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। किसानों को उनके अधिकारों को लेकर संगठित और आंदोलन करने की जरूरत है।
उपरोक्त बातें आज बेंगाबाद बेसिक स्कूल में आयोजित ‘ऑल इंडिया अग्रगामी किसान सभा’ के एक दिवसीय अधिवेशन में जुटे किसान नेताओं ने कहा। अधिवेशन की शुरुआत दिवंगत एवं शहीद साथियों को श्रद्धांजलि देकर की गई जिसमें गिरिडीह सहित धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, देवघर, दुमका आदि जिलों के किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा अधिवेशन में प्रस्तुत दस्तावेज पर अपने विचार रखे।
अधिवेशन क्रम में ऑल इंडिया अग्रगामी किसान सभा की 15 सदस्यीय राज्य कमिटी गठित की गई जिसका अध्यक्ष राजेश यादव, उपाध्यक्ष निवारण दिग़ार, महामंत्री अरुण मंडल, सचिव रंजीत महतो तथा कोषाध्यक्ष शंभू ठाकुर को बनाया गया।
