15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश

गिरिडीह, 31 जुलाई: स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि 13 अगस्त तक समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9:00 बजे झंडा मैदान, गिरिडीह में आयोजित होगा, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वहीं जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ध्वजारोहण किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि 9 से 13 अगस्त तक परेड का नियमित पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। मुख्य समारोह में 12 परेड टुकड़ियां भाग लेंगी। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, इसलिए सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 7:00 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जबकि शाम 5:00 बजे नगर भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसके लिए विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उपायुक्त ने झंडा मैदान में रंग-रोगन, साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर निगम को प्रमुख चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों, उत्कृष्ट चिकित्सकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा उत्पाद विभाग को निर्देश दिया गया कि 15 अगस्त को ड्राई डे के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और जिले में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।

और पढ़ें