
बिरनी प्रखंड के बाराडीह क्षेत्र में तीन वर्षों से बंद पड़ी पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आखिरकार गुरुवार को चालू करने की दिशा में ठोस पहल की गई। रांची से पहुंची तकनीकी टीम द्वारा खराब पड़ी सामग्री को खोलने एवं मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, जिससे जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि पिछले तीन वर्षों से बाराडीह की जल आपूर्ति पूरी तरह ठप थी, जिसके कारण इससे जुड़े कई गांवों के हजारों घरों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने समाजसेवी बबलू यादव और अशोक कुशवाहा के नेतृत्व में लगभग दर्जनों दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था। धरना के बाद जलापूर्ति चालू कराने का आश्वासन तो मिला, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। इसके बाद पुनः गिरिडीह उपायुक्त से मिलकर पानी टंकी चालू कराने की मांग की गई।
लगातार प्रयासों और जनदबाव के बाद गुरुवार को तकनीकी टीम के पहुंचते ही जल आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया। जलापूर्ति चालू होने से कई गांवों के हजारों ग्रामीणों को राहत मिली है। वर्षों बाद पानी आने की उम्मीद से ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी देखी गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
