
गिरिडीह।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गिरिडीह नगर इकाई के अंतर्गत गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह की नई इकाई का गठन आज विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के आर्ट्स बिल्डिंग में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अभाविप के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अभाविप के प्रांत शोध संयोजक कृष्णा त्रिवेदी, जिला प्रमुख राजकुमार वर्मा, जिला संयोजक मंटू मुर्मू, नगर उपाध्यक्ष आदित्य बेसरा एवं नगर मंत्री नीरज चौधरी शामिल हुए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अभाविप अपने स्थापना काल से ही राष्ट्रहित, समाजहित और छात्रहित के लिए निरंतर कार्य करती आ रही है।
वक्ताओं ने बताया कि गिरिडीह कॉलेज में लंबे समय से अभाविप की इकाई की घोषणा नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। कॉलेज में पेयजल, शौचालय, शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई थीं। नई इकाई के गठन से इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के उपरांत सर्वसम्मति से नई कॉलेज इकाई की घोषणा की गई। इसमें कॉलेज अध्यक्ष के रूप में अंकुश सिंह को चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए संदीप वर्मा, विवेक, पायल तिवारी, प्रियांशु चौधरी एवं मुन्ना पंडित को जिम्मेदारी सौंपी गई। कॉलेज मंत्री के रूप में कृष पासवान तथा सह मंत्री के रूप में दीपक वर्मा, सावित्री कुमारी, कृष्ण दास एवं करण कुमार का चयन किया गया।
इसके अलावा कॉलेज सोशल मीडिया प्रमुख बिट्टू मोदी एवं सह प्रमुख रोहन कुमार, एसएफडी प्रमुख योगेंद्र मंडल व सह प्रमुख सचिन कुमार, एसएफएस प्रमुख देवदत्त श्रीवास्तव व सह प्रमुख शंकर दास, कॉलेज कलमांच प्रमुख सलोनी साहू तथा एनसीसी प्रमुख माही झा को मनोनीत किया गया। साथ ही कॉलेज कार्यकारिणी में कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया गया।
मौके पर नगर सह मंत्री अनीश रॉय, सदानंद राय, शुभम ताती, अभिजीत सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा छात्रहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
