
बड़कीटांड़-दलगंदो सड़क निर्माण का जायजा लेने के बाद कहा, निर्माण प्राक्कलन के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण नहीं।*
बेंगाबाद प्रखंड के बड़कीटांड़-दलगंदो आदि गांवों में बन रही सड़क के घटिया निर्माण की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर पूर्व जिप सदस्य सह फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने आज स्थानीय ग्रामीणों तथा गणमान्य लोगों के सड़क निर्माण का साथ जायजा लिया।
लोगों ने कई खामियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि, निर्माण में जमकर कोताही बरती जा रही है। एक दशक से भी अधिक समय तक जर्जर सड़क पर चलने की विवशता के बाद बन रही सड़क से लोगों को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क निर्माण के क्रम में पीसीसी ढलाई होते ही गिट्टी सीमेंट का उखड़ना शुरू हो जाना, सड़क को दोनों किनारे चौड़ा किए जाने के दौरान जमीन में गड्ढा किए बगैर फाउंडेशन तैयार कर देना, कालीकरण के पूर्व सड़क के फाउंडेशन में कभी पानी नहीं देना, कालीकरण में पिच की मोटाई कम करके देना, नाली बनाने में भी अनियमितता बरतना, लोगों को निर्माण संबंधी कोई भी जानकारी नहीं मिले इसके लिए कहीं भी बोर्ड नहीं लगाना आदि देखकर आम लोगों को इसके निर्माण के नाम पर मची लूट का एहसास हो गया है।
वहीं लोगों के साथ कई किलोमीटर तक बन चुकी और बन रही सड़क देखने तथा लोगों की शिकायतें सुनने के बाद फॉरवर्ड ब्लॉक नेता श्री यादव ने कहा कि, वे इसकी लिखित शिकायत विभाग के कार्यपालक अभियंता को करने जा रहे हैं। यदि शेष बचा कार्य एस्टीमेट अनुसार नहीं हुआ तथा पूर्व में किए गए घटिया निर्माण की जांच कर उचित कार्रवाई और उसमें सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। किसी को भी जनता के विकास के नाम पर, सड़क बनाने के नाम पर लूट की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने लोगों से इसके लिए तैयार रहने को कहा।
इस दौरान घटिया सड़क निर्माण का विरोध करने वालों में श्री यादव के साथ मुख्य रूप से राजद नेता रघुनंदन यादव, किजपा नेता गंगाधर यादव, फॉरवर्ड ब्लॉक नेता शिवनंदन यादव, शंभू तुरी सहित विनोद यादव, सुरेंद्र यादव, सुखदेव यादव, सदानंद यादव, भावेश यादव, सुनील यादव, मुंशी यादव, लुटा महतो, दिलीप यादव, मनु यादव, टूपलाल यादव, रामदेव यादव तथा अन्य थे।
