
MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी, राज्य के अधिकारों की रक्षा की मांग
गिरिडीह। झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की गिरिडीह जिला इकाई ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता हाथों में झंडे एवं तख्तियां लेकर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाले राज्यों में शामिल है। ऐसे में खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों और उनसे प्राप्त होने वाले राजस्व में राज्य के हितों की रक्षा जरूरी है। पार्टी नेताओं ने MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के प्रावधानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे राज्य के खनिज अधिकारों और वित्तीय स्वायत्तता को लेकर चिंता बढ़ी है।
RJD नेताओं ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज झारखंड की जनता के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। राज्य के प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकार और जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व RJD जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने किया। मौके पर युवा राजद जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, प्रदेश सचिव हाजी अनामुल साहब, प्रदेश महासचिव शत्रुघ्न यादव, बशीर शाह, बलदेव नायक, रामदेव यादव, कामरान अंसारी, इरफान अंसारी, संजय अंबेडकर, जमुआ प्रखंड अध्यक्ष ललन यादव, संजय यादव, पंकज शर्मा, राजेंद्र यादव, रामेश्वर प्रसाद यादव, निरंजन यादव, पंकज कुमार अंबेडकर, शीतला देवी, बसंती देवी, मीना देवी, मोनिका देवी, रजनी देवी समेत विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
RJD ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे को लेकर पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
