गिरिडीह: निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, राजमिस्त्री घायल


गिरिडीह (रेम्बा प्रतिनिधि): हीरोडीह थाना क्षेत्र के सलैया गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में मलबे में दबकर मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान सुनीता देवी एवं उनके पुत्र राजकुमार यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों निर्माणाधीन मकान के छज्जे के पास खड़े होकर राजमिस्त्री प्रदीप यादव को निर्माण कार्य संबंधी निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान जैसे ही राजमिस्त्री छज्जे पर चढ़ा, छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा।
छज्जे का भारी मलबा सुनीता देवी और उनके पुत्र पर आ गिरा, जिससे दोनों उसमें दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं छज्जे के साथ नीचे गिरे राजमिस्त्री प्रदीप यादव के हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए जमुआ भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद उनकी चोटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

और पढ़ें