

गौरतलब है कि 17 वर्षीय पायल कुमारी का शव बुधवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा-पावर हाउस रोड स्थित सिरसिया पुल के पास बरामद किया गया था। युवती पिछले तीन दिनों से लापता थी, जिसके बाद इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक जयराम महतो ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की।
जयराम महतो के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे। ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगे।


