
रामगढ़, 14 अप्रैल 2026:
जिले में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। पतरातु थाना क्षेत्र के हेसला गांव में छापेमारी कर पुलिस ने दो अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को 13 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया और इलाके में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान में एक बाइक (JH02AB-5319) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान करण करमाली (19 वर्ष) और शिवम मिश्रा उर्फ नंदु (23 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देसी पिस्टल (3 जिंदा गोलियों के साथ) और बाइक से 9 एमएम की लोडेड कारबाइन (2 जिंदा गोलियों के साथ) बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और 4 अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे। साथ ही, वे एक और बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 91/26 के तहत विभिन्न धाराओं (बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट) में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बरामद सामान:
9 एमएम कारबाइन (SMG-01)
9 एमएम की 2 गोलियां
7.65 एमएम देसी पिस्टल
7.65 एमएम की 3 जिंदा गोलियां
हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (JH-02AB-5319)
इस कार्रवाई में पतरातु, भुरकुंडा, भदानीनगर, गोला और बासल थाना के पुलिस पदाधिकारी व तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
👉 पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई और अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया।


