
बिरनी। प्रखंड क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीती रात एक बड़ी कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम चिताखारो में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया।जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर रवि रंजन एवं भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने चिताखारो नदी पुल के समीप स्थित एक धान गोदाम में देर रात छापेमारी की। विभाग को सूचना मिली थी कि उक्त गोदाम में अवैध रूप से शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब और उससे संबंधित सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री में प्रसिद्ध ब्रांड ‘रॉयल चैलेंज’ के नाम पर तैयार की गई कुल 34 पेटी शराब, लगभग एक ट्रैक्टर खाली बोतलें तथा 6 गैलन नकली शराब शामिल हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।इंस्पेक्टर रवि रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान मौके से कोई भी व्यक्ति गिरफ्तार नहीं हो सका।आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग फरार हो गए।पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में भी नजर रखी जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री की किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

