
तिसरी के बरतल्ला गांव के दलित अर्जुन भुला की झोपडीनुमा आशियाना पूरी तरह से ध्वस्त होकर गिर गया। हालांकि झोपड़ी गिरने पर भी किसी को कुछ नहीं हुआ और अर्जुन भुला सहित उनकी बेटी और बच्चे बाल-बाल बच गए। झोपडीनुमा घर के गिरने से अर्जुन भुला व उनके परिवार के लोग बेघर हो गए हैं। फिलहाल अर्जुन भुला अपने परिवार के लोगों के साथ पास के स्कूल में शरण लिए हुए हैं। इधर अर्जुन भुला का आशियाना गिरने से परिवार के लोगों के बेघर होने का वीडियो वायरल होने पर उनकी मदद में हाथ उठने लगे हैं। हालांकि यह नाकाफी है। बहरहाल, अर्जुन भुला का आशियाना गिरने की खबर पाकर गुरुवार को पूर्व मुख्य मंत्री बाबूलाल मरांडी के कहने पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक उपाध्याय,जिला मंत्री मनोज यादव,वीरेंद्र राय और कृष्णदेव यादव आदि बरतल्ला गांव पहुंचे और नेताद्वय ने पीड़ित परिवार से मिलकर उनका दुखड़ा सुना और इस दुख की घड़ी में अर्जुन भुला के परिवार को अनाज और नगद राशि मदद के रूप में दिया। इसके पूर्व भी समाज सेवी इंकज कुमार भी बरतल्ला गांव जाकर पीड़ित परिवार को मदद पहुंचाया। बता दें कि अर्जुन भुला पिछले 30-32 वर्षों से बरतल्ला गांव में झोपडीनुमा आशियाना बनाकर अपने परिवार के साथ किसी तरह से रह रहे थें। किंतु गरीब और दलित होने के बावजूद भी अर्जुन भुला को न तो अभी तक इंदिरा आवास,अबुआ आवास मिला है और न ही प्रधान मंत्री आवास ही मिला है।

