गिरिडीह: शादी से पहले युवक की संदिग्ध हत्या, सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय नीरज हजरा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर पुलिस कार्रवाई नहीं होने के कारण यह दर्दनाक घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, नीरज राजस्थान में काम करते थे और उनकी शादी 7 जुलाई को तय थी। वे 4 जुलाई को घर लौट रहे थे। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में रिश्तेदार उन्हें जमुआ में ही अपने साथ ले गए। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर 5 जुलाई को जमुआ थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

बाद में नीरज का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को जमुआ–चित्तरडीह मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो नीरज की जान बच सकती थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है। परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

और पढ़ें