
गिरिडीह: जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बालेहडीह में संचालित एक अवैध पत्थर खदान पर प्रशासन ने बड़ी छापेमारी की है। संयुक्त अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने ट्रैक्टर, पोकलेन मशीन सहित भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, अवैध खनन और विस्फोटकों के इस्तेमाल की सूचना मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खदान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खनन कार्य में प्रयुक्त कई उपकरण जब्त किए गए। बरामद विस्फोटक पदार्थों को भी प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व बगोदर-सरिया एसडीएम संतोष गुप्ता ने किया। अभियान में एसडीपीओ धनंजय राम, सीओ संतोष कुमार तथा सरिया थाना प्रभारी पिंकू सिंह सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और अवैध खनन से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
