गिरिडीह: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत गिरिडीह जिले की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने जिले की 4,55,518 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹2,27,75,90,000 (227 करोड़ 75 लाख 90 हजार रुपये) की सम्मान राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी है। यह राशि अप्रैल 2026 एवं मई 2026 की सम्मान राशि के रूप में प्रति लाभुक ₹5,000 की दर से दी गई है। राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। जिला प्रशासन के अनुसार, समय पर भुगतान होने से लाखों महिलाओं को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिली है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और जीवन स्तर में सुधार आएगा। प्रखंडवार लाभुकों की संख्या इस प्रकार है: गिरिडीह – 39,217 गिरिडीह नगर निगम – 27,196 बेंगाबाद – 28,892 गांडेय – 32,564 जमुआ – 53,740 देवरी – 34,282 तिसरी – 13,572 गांवा – 21,295 धनवार – 47,767 धनवार नगर पंचायत – 2,150 बिरनी – 35,379 सरिया – 25,510 सरिया नगर पंचायत – 2,442 बगोदर – 31,939 डुमरी – 41,113 पीरटांड़ – 18,460 उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं बैंकिंग संस्थानों के समन्वय से भुगतान प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन योजना के प्रत्येक पात्र लाभुक तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।