
जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर आजाद अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान जीटी रोड पर सरिया लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को बाइक की डिक्की से शादी के निमंत्रण कार्ड मिले, जिसमें 7 मई को बेटी की शादी तय होने की जानकारी सामने आई। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक शोक का माहौल छा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है तथा चालक की तलाश की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अजय चौरसिया की रिपोर्ट

