
गिरिडीह जिले के खुरजियो स्थित दिशा दर्पण ट्रस्ट के तत्वावधान में शीतलहर और ठंड के प्रकोप को देखते हुए सुदूरवर्ती आदिवासी बहुल क्षेत्रों में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा अभियान के अंतर्गत जोबडिया, मेरोमपहाड़ी, भलुवाही एवं खेड़वारा पंचायत के दूर-दराज बसे गांवों में रहने वाले गरीब, असहाय, वृद्ध, महिला एवं बच्चों को कंबल वितरित किए गए।
इन क्षेत्रों में ठंड के मौसम में संसाधनों की कमी के कारण आदिवासी समुदाय को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में दिशा दर्पण ट्रस्ट द्वारा चलाया गया यह मानवीय प्रयास ग्रामीणों के लिए काफी राहत भरा साबित हुआ। कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया।
कंबल वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के संचालक संजीव कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों तक मूलभूत सुविधाएं देर से पहुंचती हैं, ऐसे में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के इस मौसम में कंबल उनके लिए किसी सहारे से कम नहीं है। स्थानीय लोगों ने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया और इस तरह के कार्यों को आगे भी जारी रखने की अपील की।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में समीक्षा संगम, गौतम कुमार, संतोष कुमार वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, जामवंती वर्मा, रामदेव वर्मा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं CHO संतोष कुमार वर्मा ने भी स्वास्थ्य एवं सेवा के क्षेत्र में संस्था का सहयोग करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयास से यह मानवीय सेवा कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सका।
दिशा दर्पण ट्रस्ट द्वारा किया गया यह कंबल वितरण कार्यक्रम न केवल जरूरतमंदों को ठंड से राहत प्रदान करने का कार्य है,

बल्कि समाज में आपसी सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना को भी मजबूत करने वाला प्रयास है।
दिशा दर्पण ट्रस्ट द्वारा सुदूरवर्ती आदिवासी गांवों में कंबल वितरण, जरूरतमंदों को मिली राहत
और पढ़ें
- विज्ञापन
