
तिसरी (गिरिडीह): वन विभाग ने अवैध माइका कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात तिसरी क्षेत्र के सेवाढाब जंगल के समीप छापेमारी कर माइका (ढिबरा) से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद अवैध खनन एवं तस्करी से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) अनिल कुमार को लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि तिसरी के विभिन्न इलाकों से प्रतिदिन रात के अंधेरे में माइका लदे चार से पांच वाहन बरवाडीह, पचरुखी, गड़कुरा, लोकाय समेत आसपास के जंगलों से होकर घंघरिकुरा मार्ग के रास्ते कुशमाय होते हुए कोडरमा पहुंचाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग ने विशेष निगरानी शुरू की थी।
गुप्त सूचना की पुष्टि होने के बाद गांवा प्रभारी वनपाल राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में वनकर्मियों की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सेवाढाब जंगल के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन में भारी मात्रा में बेशकीमती माइका लदा पाया गया, जिसके बाद वाहन को तत्काल जब्त कर गांवा बिट कार्यालय लाया गया।
वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त वाहन किसका है और माइका की खेप कहां से लाई जा रही थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वनपाल राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि जब्त पिकअप वाहन के स्वामित्व और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वन एवं खनन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई को अवैध माइका तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

