
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत चंदौरी स्थित सरस्वती बाल शिशु मंदिर चंदौरी पर सरकारी निर्देशों की अनदेखी का आरोप लगा है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन द्वारा स्कूलों को बंद रखने का निर्देश जारी किया गया था, इसके बावजूद विद्यालय संचालित होने से बच्चों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।
बच्चों से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मंथली फीस जमा नहीं होने के कारण उन्हें छुट्टी नहीं दी जा रही है। बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में भीषण गर्मी के बावजूद पंखे तक की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के अधिकांश विद्यालयों में गर्मी को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया गया है, लेकिन यहां बच्चों की सेहत की अनदेखी की जा रही है। वहीं जब विद्यालय के प्रिंसिपल से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्कूल अभी दो दिनों तक और संचालित किया जाएगा।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर किसके आदेश पर विद्यालय खोला गया है और क्या बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

