
गिरिडीह। सर्दी की ठंडक से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों में आम जनता तक पुलिस की पहुंच मजबूत करने और विश्वास की नई कड़ी जोड़ने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गिरिडीह ने बुधवार को गांडेय थाना क्षेत्र के महेशपुर तिलोबनी गांव में पहुंचकर जरूरतमंदों और विकलांगों को कंबल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। यह पहल न केवल सर्द हवाओं से राहत प्रदान करने वाली है, बल्कि पुलिस-जनता के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देने वाली भी साबित हो रही है।
इस अवसर पर एसपी ने सुदूरवर्ती ग्रामीणों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की, उनकी परेशानियों को गौर से सुना और गिरिडीह पुलिस की ओर से हरसंभव सहायता का पूर्ण आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं रखा, जिन्हें एसपी ने तत्काल नोट किया। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गिरिडीह तथा गांडेय थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने वितरण प्रक्रिया में सहयोग किया।
पुलिस अधीक्षक की इस अप्रत्याशित उपस्थिति से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पुलिस की सकारात्मक छवि का प्रतीक बताते हुए सराहना की। एक बुजुर्ग निवासी ने कहा, “एसपी साहब का आना ही हमारी सबसे बड़ी राहत है, अब हम बेझिझक अपनी बात रख सकेंगे।” यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय भूमिका को नई दिशा देगी।
गिरिडीह पुलिस की सराहनीय पहल, एसपी डाॅ विमल कुमार ने सुदूर गांव में जरूरतमंदों को बांटे कंबल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
और पढ़ें
- विज्ञापन
