
बिरनी से रवि शर्मा की खास रिपोर्ट
बिरनी प्रखंड अंतर्गत गादी–मारगौड़ इरागा पुल के रेलिंग मरम्मती कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। प्रशासनिक दावों के बीच चल रहा मरम्मती कार्य बाहर से भले ही तेजी से होता दिख रहा था, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही निकली। घटिया सामग्री के उपयोग और नियमों की अनदेखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
अनियमितता की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव के साथ ग्रामीण धन्यश्याम कुमार, सुनील पंडित, जितेंद्र रजक, माझी तुरी, सचिन तर्वे सहित कई लोग मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मरम्मती कार्य में गंभीर खामियां सामने आईं। आरोप है कि गुणवत्ता की अनदेखी कर केवल औपचारिकता निभाई जा रही थी।
ग्रामीणों ने मौके पर ही ठेकेदार एवं संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए मरम्मती कार्य को तत्काल बंद करा दिया। लोगों का कहना है कि पुल जैसे संवेदनशील ढांचे में लापरवाही सीधे लोगों की जान से खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव और ग्रामीण राजदेव पंडित ने स्पष्ट कहा कि जब तक नियमों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं किया जाएगा, तब तक मरम्मती कार्य दोबारा शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
क्या बोले कनीय अभियंता संबोध कुमार सिंह:
जब इस मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कार्य बंद कराया गया है। मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
